“जहां तक मुझसे हो सका, मैंने किया…”: नीतीश कुमार के भावुक बयान से खत्म हुआ एक युग, बिहार की सियासत में नया अध्याय शुरू
अब बदलेगा ठिकाना, CM हाउस से विदाई
इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास छोड़कर 7 सर्कुलर रोड शिफ्ट होंगे। बताया जा रहा है कि उनका सामान पहले ही नए आवास पर पहुंच चुका है जो इस बदलाव की शुरुआत का साफ संकेत है।
भावुक हुआ कैबिनेट का आखिरी पल
कैबिनेट बैठक के बाद का दृश्य बेहद भावुक रहा। मुख्यमंत्री ने एक-एक मंत्री और अधिकारी से मुलाकात कर विदाई ली। पूरा मंत्रिमंडल उन्हें पोर्टिको तक छोड़ने आया-जहां हर चेहरे पर भावनाएं साफ झलक रही थीं।
‘जहां तक मुझसे हो सका, मैंने किया…’
अपने संक्षिप्त लेकिन असरदार संबोधन में नीतीश कुमार ने कहा, “2005 में मैं सरकार में आया… जहां तक मुझसे हो सका, मैंने किया… नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा।” इस बयान ने माहौल को और भी भावुक बना दिया।
सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे
उधर, जदयू द्वारा विधायक दल की बैठक रद्द किए जाने के बाद राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है। अब सबकी नजर एनडीए की बैठक पर टिकी है, जहां नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है।
सम्राट चौधरी का नाम सबसे आगे
सियासी गलियारों में चर्चा है कि डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे हैं। सूत्रों के मुताबिक, वे जल्द ही शपथ ले सकते हैं।
बिहार इस वक्त एक ऐतिहासिक मोड़ पर खड़ा है जहां एक ओर ‘नीतीश युग’ की भावुक विदाई हो रही है, तो दूसरी ओर नई सत्ता और नए नेतृत्व की पटकथा तेजी से लिखी जा रही है। अब बस उस ऐलान का इंतजार है, जो तय करेगा आने वाले समय में बिहार की दिशा और दशा।







