नीतीश की याद में छलके जज्बात: मंच पर रो पड़े अशोक चौधरी, निशांत ने संभाला भावुक पल
दरअसल, गुरुवार को जदयू कार्यालय में निशांत कुमार ने अपने पिता नीतीश कुमार के 20 वर्षों के राजनीतिक सफर पर आधारित शॉर्ट फिल्म “मेरा नेता मेरा अभिमान” लॉन्च की। इस दौरान एक विशेष गीत भी रिलीज किया गया, जिसमें नीतीश कुमार के कार्यकाल की झलक दिखाई गई।
कार्यक्रम में जैसे ही नीतीश कुमार की चर्चा शुरू हुई, अशोक चौधरी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का राज्यसभा जाने का फैसला भले ही उनका अपना हो, लेकिन उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद खास रहा है। उन्होंने कहा, “हम चाहते थे कि वे 5 साल और काम करते, तो बिहार और ज्यादा समृद्ध होता।”
अशोक चौधरी ने आगे कहा कि यह बदलाव इतना अचानक हुआ कि उसे समझने का मौका ही नहीं मिला। उनके शब्दों में, “नीतीश जी सिर्फ मुख्यमंत्री नहीं थे, बल्कि एक अभिभावक की तरह थे। उनका मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहेगा।”
इस भावुक पल ने साफ कर दिया कि सत्ता बदलने के बावजूद नीतीश कुमार का प्रभाव और उनके प्रति भावनात्मक जुड़ाव आज भी नेताओं के दिलों में गहराई से कायम है।







