असम विमान हादसे पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जताया गहरा शोक, कहा- देश ने खोए पांच वीर वायु योद्धा
अपने शोक संदेश में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि हादसे में शहीद हुए स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने मातृभूमि की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इन वीर जवानों का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। देश उनकी बहादुरी और सेवा भावना को हमेशा सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद रखेगा।
डॉ. प्रेम कुमार ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति और धैर्य प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में पूरा देश शहीद वायु योद्धाओं के परिजनों के साथ खड़ा है।
असम में हुए इस विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है और विभिन्न क्षेत्रों से शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है।







