कैशलेस इलाज योजना पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने जताई खुशी, बोले- यह ऐतिहासिक फैसला
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि इस योजना के लागू होने से विधानमंडल के वर्तमान और पूर्व सदस्य, अखिल भारतीय सेवा के कार्यरत एवं सेवानिवृत्त अधिकारी, राज्य सरकार के नियमित कर्मचारी, पेंशनभोगी दंपत्ति तथा उनके आश्रितों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ एवं सुविधाजनक हो जाएंगी।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का यह फैसला सुशासन और जनसेवा के प्रति उसकी गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बजट सत्र के दौरान कई सदस्यों ने कैशलेस इलाज की मांग को मजबूती से उठाया था, जिस पर सरकार ने सकारात्मक पहल करते हुए अब इसे लागू करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह व्यवस्था बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई शुरुआत साबित होगी और लोगों को इलाज के दौरान आर्थिक परेशानियों से काफी राहत मिलेगी। डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि यह फैसला राज्य में लोक-स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।







