Newshaat_Logo

राजा राम मोहन राय जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का नमन, कहा-सामाजिक सुधार के युगपुरुष थे राय

सती प्रथा, बाल विवाह और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष को बताया प्रेरणास्रोत
 
राजा राम मोहन राय जयंती पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार का नमन, कहा-सामाजिक सुधार के युगपुरुष थे राय
Bihar News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भारतीय पुनर्जागरण के अग्रदूत, महान समाज सुधारक और ब्रह्म समाज के संस्थापक राजा राम मोहन राय की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि राजा राम मोहन राय का जीवन सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और मानवता के मूल्यों के प्रति समर्पण का अद्भुत उदाहरण है।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राजा राम मोहन राय ने समाज में फैली अनेक कुरीतियों और रूढ़िवादी परंपराओं के खिलाफ आवाज बुलंद की। उन्होंने जातिगत भेदभाव, छुआछूत, अंधविश्वास और नशीली प्रवृत्तियों के विरुद्ध व्यापक जनजागरण अभियान चलाया, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन की नई चेतना का संचार हुआ।

सामाजिक बदलाव के महान वाहक थे राजा राम मोहन राय

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सती प्रथा के उन्मूलन, बाल विवाह के विरोध और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए राजा राम मोहन राय द्वारा किए गए प्रयास भारतीय समाज के इतिहास में मील का पत्थर हैं। उन्होंने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के पक्ष में जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज को नई दिशा देने का काम कर रहा है।

नई सोच और आधुनिक भारत की नींव रखने वालों में थे अग्रणी

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि राजा राम मोहन राय के प्रयासों से देश में ज्ञान, विवेक और सुधारवादी सोच को नई गति मिली। उनके विचारों ने आधुनिक भारत के निर्माण और सामाजिक सुधार की प्रक्रिया को मजबूत आधार प्रदान किया। महिलाओं के सम्मान, शिक्षा के प्रसार और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उनका योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि राजा राम मोहन राय का जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है और उनके आदर्श सामाजिक समरसता एवं प्रगतिशील समाज के निर्माण में सदैव मार्गदर्शन करते रहेंगे।