Newshaat_Logo

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सख्त, बोले- वर्षों से लंबित मामलों का जल्द करें निपटारा, विभागों की होगी जवाबदेही तय

 
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार सख्त, बोले- वर्षों से लंबित मामलों का जल्द करें निपटारा, विभागों की होगी जवाबदेही तय

Bihar news: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने बुधवार को विधानसभा सचिवालय की विभिन्न समितियों और शाखाओं के कामकाज की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वर्षों से लंबित मामलों का जल्द निपटारा किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में लोक लेखा समिति, सरकारी उपक्रम समिति, प्राक्कलन समिति, शून्यकाल समिति, याचिका समिति, निवेदन समिति, कारा सुधार समिति, गैर सरकारी संकल्प समिति, बिहार विरासत विकास समिति समेत कई समितियों के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

लोक लेखा समिति में वर्षों से लंबित हैं मामले

बैठक के दौरान सामने आया कि लोक लेखा समिति और सरकारी उपक्रम समिति में कई मामलों का वर्षों से निपटारा नहीं हो पाया है। जानकारी के अनुसार, 23 विभागों से जुड़ी कई कंडिकाएं अभी भी लोक लेखा समिति में लंबित हैं।

इस पर विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वित्त विभाग और महालेखाकार कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित मामलों का जल्द समाधान कराया जाए। साथ ही संबंधित विभागों के साथ समीक्षा बैठक कर सभी लंबित कंडिकाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा, “हमारी कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए कि एक भी कंडिका लंबित न रहे।”

शून्यकाल और याचिकाओं के जवाब में देरी पर सख्ती

बैठक में शून्यकाल, याचिका, निवेदन, ध्यानाकर्षण और गैर-सरकारी संकल्प से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने कहा कि जिन विभागों से समय पर जवाब नहीं मिल रहा है, उन्हें लगातार स्मरण पत्र भेजे जाएं।

उन्होंने निर्देश दिया कि यदि तीन बार स्मरण पत्र भेजने के बाद भी विभाग जवाब नहीं देता है, तो मामले की जानकारी सीधे मुख्य सचिव को भेजी जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपनी ओर से किसी भी तरह की ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

आवास आवंटन पर भी दिए निर्देश

बैठक में विधानसभा की आवास शाखा के कार्यों की भी समीक्षा की गई। डॉ. प्रेम कुमार ने निर्देश दिया कि जिन विधायकों ने अब तक आवंटित सरकारी आवास का प्रभार नहीं लिया है, उनकी सभी औपचारिकताएं पूरी कराकर जल्द से जल्द आवास उपलब्ध कराया जाए।

अन्य समितियों के कामकाज की भी समीक्षा

इसके अलावा बैठक में अल्पसंख्यक कल्याण समिति, कारा सुधार समिति, पुस्तकालय समिति और कृषि उद्योग विकास समिति के कार्यों की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने सभी शाखाओं को पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही के साथ काम करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि विधानसभा की समितियां लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और उनकी कार्यप्रणाली जितनी प्रभावी होगी, शासन-प्रशासन की जवाबदेही भी उतनी ही मजबूत होगी।