तपोवन कुंड के विकास को लेकर विधानसभा अध्यक्ष सख्त, अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
निरीक्षण के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने पाया कि तपोवन कुंड में पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, विश्राम स्थल और सूचना पट्ट जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि इस कारण यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
स्थिति का संज्ञान लेते हुए डॉ. प्रेम कुमार ने मौके से ही संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की तथा आवश्यक सुविधाओं को जल्द से जल्द उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने साफ कहा कि तपोवन कुंड बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, इसलिए यहां बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय निर्माण एवं मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय स्थापित कर दीर्घकालिक विकास योजना तैयार करने को भी कहा।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। तपोवन कुंड जैसे ऐतिहासिक और आध्यात्मिक स्थलों का समुचित विकास न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती प्रदान करेगा।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष की पहल और विकास के प्रति उनकी तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की और उम्मीद जताई कि जल्द ही तपोवन कुंड में सुविधाओं का विस्तार देखने को मिलेगा।







