Newshaat_Logo

औरंगाबाद में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर में पिता-पुत्र समेत 3 की मौत, 3 गंभीर

औरंगाबाद में NH-19 पर ट्रक और स्कॉर्पियों की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। हादसे में पिता-बेटे समेत 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 की हालत गंभीर बनी हुई है।
 
Maut

बिहार के औरंगाबाद में नेशनल हाईवे-19 पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां तेज रफ्तार ट्रक और स्कॉर्पियो के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। इस दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र समेत एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के वक्त पूरा परिवार मुंबई से स्कॉर्पियो में सवार होकर नवादा लौट रहा था

यह घटना नगर थाना क्षेत्र के रतनुआ पेट्रोल पंप के पास हुई। मृतकों की पहचान नवादा जिले के पकड़ीबरावां थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी 48 वर्षीय राजकुमार चौहान, उनके आठ वर्षीय बेटे रितेश कुमार और राजकुमार के ससुर भगवान दास के रूप में हुई है।

वहीं, हादसे में भगवान दास के बेटे नीतीश चौहान, उनकी बेटी किरण कुमारी और स्कॉर्पियो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। किरण कुमारी, राजकुमार चौहान की पत्नी हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि हादसे में भगवान दास और मासूम रितेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल राजकुमार चौहान ने औरंगाबाद सदर अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इधर, हादसे की खबर मिलते ही नवादा से मृतकों के परिजन औरंगाबाद सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में जैसे ही उन्हें परिवार के तीन सदस्यों की मौत की जानकारी मिली, वहां चीख-पुकार मच गई। मासूम रितेश का शव देखकर परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। एक ही परिवार के पिता, मासूम बेटे और बुजुर्ग सदस्य की मौत से हर कोई स्तब्ध था।

जिस परिवार को मुंबई से अपने घर नवादा लौटने का इंतजार था, उस घर में अब तीन मौतों की खबर से मातम पसरा हुआ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।