गया के मानपुर में बैंक ऑफ इंडिया की नई शाखा का शुभारंभ, ग्राहकों को अब मिलेंगी आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं
Gaya: बैंक ऑफ इंडिया गया अंचल द्वारा ग्राहकों को बेहतर एवं आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मानपुर में नई शाखा का शुभारंभ किया गया. यह शाखा गया अंचल की 57वीं तथा गया जिले की 15वीं शाखा है.

शाखा उद्घाटन समारोह का उद्घाटन बैंक के फील्ड जनरल मैनेजर एस. बी. साहनी, आंचलिक प्रबंधक अभय कुमार झा एवं उप आंचलिक प्रबंधक श्री विवेक सिन्हा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया.
इस अवसर पर फील्ड जनरल मैनेजर एस.बी. साहनी ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया लगातार अपने बैंकिंग नेटवर्क का विस्तार कर रहा है ताकि ग्राहकों को आधुनिक और सुविधाजनक सेवाएं उनके नजदीक उपलब्ध कराई जा सकें. उन्होंने कहा कि नई शाखा खुलने से क्षेत्र के लोगों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा वित्तीय समावेशन को मजबूती मिलेगी.
आंचलिक प्रबंधक अभय कुमार झा ने बताया कि नई शाखा में बचत खाता, चालू खाता, ऋण सुविधा, डिजिटल बैंकिंग, बीमा, पेंशन, म्यूचुअल फंड सहित सभी आधुनिक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध रहेंगी. वहीं उप आंचलिक प्रबंधक श्री विवेक सिन्हा ने ग्राहकों से डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की.
कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य व्यक्ति विजय मेहता, व्यापारीगण, ग्राहक एवं बैंक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने नई शाखा के उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बैंक ऑफ इंडिया को शुभकामनाएं दीं. नई शाखा को कार्यशील बनाने में मुख्य प्रबंधक बीरेन्द्र कुमार एवं अधिकारी दीपक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही.







