Newshaat_Logo

बांकीपुर उपचुनाव: BJP उम्मीदवार अभिषेक ‘बंटी’ की संपत्ति का खुलासा, हलफनामे में नहीं दर्ज कोई आपराधिक मामला

 
बांकीपुर उपचुनाव: BJP उम्मीदवार अभिषेक ‘बंटी’ की संपत्ति का खुलासा, हलफनामे में नहीं दर्ज कोई आपराधिक मामला

Bihar political news: पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी का चुनावी हलफनामा चर्चा का विषय बन गया है। नामांकन के साथ दाखिल शपथ पत्र में उन्होंने अपनी शैक्षणिक योग्यता, आय, संपत्ति और देनदारियों का पूरा विवरण दिया है। खास बात यह है कि हलफनामे के अनुसार उनके खिलाफ किसी भी तरह का आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।

दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक, 42 वर्षीय अभिषेक कुमार सिन्हा ने वर्ष 2000 में दरभंगा के एक विद्यालय से मैट्रिक की परीक्षा पास की थी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा की बजाय व्यापार को अपना पेशा बनाया। हलफनामे में उन्होंने अपनी वार्षिक आय करीब 4.98 लाख रुपये बताई है, जो मुख्य रूप से उनके व्यवसाय से प्राप्त होती है।

संपत्ति के विवरण के अनुसार, अभिषेक के पास 70 हजार रुपये नकद और विभिन्न बैंक खातों में करीब 29 हजार रुपये जमा हैं। उनकी कुल चल संपत्ति का मूल्य लगभग 19.60 लाख रुपये बताया गया है। इसमें 11 ग्राम सोने की अंगूठी और चेन भी शामिल हैं।

हलफनामे में यह भी उल्लेख किया गया है कि उनके नाम पर कोई मकान, कृषि भूमि या व्यावसायिक जमीन नहीं है। हालांकि उन्होंने बैंक ऑफ महाराष्ट्र से करीब 10 लाख रुपये का ऋण लिया हुआ है।

वाहनों की बात करें तो अभिषेक के पास वर्ष 2018 मॉडल की एक होंडा कार और एक मोटरसाइकिल है, जिसे उन्होंने पिछले वर्ष खरीदा था। उनकी पत्नी अमृता कृष्णा निजी क्षेत्र में कार्यरत हैं। उनके पास 50 हजार रुपये नकद, एलआईसी की चार पॉलिसियां, 32 ग्राम सोना और 400 ग्राम चांदी के आभूषण हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई गई है।

हलफनामे के अनुसार अभिषेक कुमार सिन्हा के खिलाफ किसी भी न्यायालय में कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है और न ही उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया गया है।

बांकीपुर विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को मतदान होना है, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। ऐसे में उम्मीदवारों के हलफनामे भी चुनावी चर्चा का अहम हिस्सा बन गए हैं और मतदाता अब दावों के साथ-साथ उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि पर भी नजर बनाए हुए हैं।