Newshaat_Logo

पर्यटन उद्योग संबंधी समिति की सदस्य बने बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर

 
पर्यटन उद्योग संबंधी समिति की सदस्य बने बांकीपुर विधायक प्रशांत किशोर

Bihar News: बिहार विधानसभा ने बांकीपुर से नवनिर्वाचित विधायक प्रशांत किशोर को पर्यटन उद्योग संबंधी समिति का सदस्य मनोनीत किया है. वे विधानसभा में जन सुराज पार्टी के सदस्य हैं. हाल ही में हुए उपचुनाव में उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को पराजित कर उसके गढ़ पर कब्जा जमाया. बिहार विधानसभा अध्यक्ष डाॅ प्रेम कुमार ने उन्हें 17 अगस्त को विधायक पद की शपथ दिलायी थी. बांकीपुर सीट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस्तीफे से खाली हुई थी.

विधान सभा सचिवालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार, प्रशांत किशोर 24 अगस्त को पर्यटन उद्योग संबंधी समिति की बैठक में पहली बार शामिल होंगे. सोमवार को ग्रामीण विकास विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की समीक्षा बैठक में शामिल होंगे. इस संबंध में प्रशांत किशोर को पत्र भेज दिया गया है.

पर्यटन उद्योग संबंधी समिति के सभापति विधायक मनोरंजन सिंह उर्फ धूमल सिंह हैं. समिति में प्रशांत किशोर के साथ कुल 9 सदस्य हैं. इन सदस्यों में पूर्व सांसद सुनील कुमार पिंटू, पूर्व बीडीओ और राजद विधायक गौतम कृष्ण भी शामिल हैं. इसके अलावा अनिल सिंह, वीरेंद्र कुमार, संजय कुमार सिंह, वशिष्ठ सिंह, रामानंद मंडल और बबलू कुमार शामिल हैं.

गौरतलब है कि मंत्री को छोड़कर विधानसभा के सभी सदस्य किसी न किसी समिति के सदस्य होते हैं. विधायकों को दैनिक भत्ता समिति की बैठक में शामिल होने के एवज में ही मिलता है. हर समिति की बैठक 10 दिन में एक बार जरूर होती है. हर सदस्य को महीने में तीन बार बैठक में शामिल होना जरूरी होता है, कुछ स्थिति को छोड़कर. शपथ ग्रहण के साथ ही विधायक विधानसभा और सरकार की ओर से देय सभी सुविधाओं के हकदार हो जाते हैं.