Movie prime

गृह मंत्रालय संभालने से पहले सम्राट चौधरी पहुंचे बाबा हरिहरनाथ के दरबार, बोले—5 साल में सोनपुर की तस्वीर बदल दूँगा, इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक की तैयारी

 
गृह मंत्रालय संभालने से पहले सम्राट चौधरी पहुंचे बाबा हरिहरनाथ के दरबार, बोले—5 साल में सोनपुर की तस्वीर बदल दूँगा, इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक की तैयारी

Bihar news:बिहार के नए उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गृह मंत्रालय का चार्ज संभालने से पहले सोनपुर में बाबा हरिहरनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। सोमवार की सुबह वे सीधे मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा अर्चना की। इसके बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वे राज्य के गृह विभाग की जिम्मेदारी आज ही ग्रहण करेंगे और शुरुआत भगवान के आशीर्वाद से करना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

सम्राट चौधरी ने कहा, “बाबा हरिहरनाथ के आशीर्वाद से बिहार और आगे बढ़े, इसी कामना के साथ यहां आया हूं। आज गृह मंत्रालय का चार्ज लेने जा रहा हूं। सोनपुर को मैंने गोद लिया है। यहां मरीन ड्राइव बनेगा, मंदिर परिसर को कॉरिडोर का रूप दिया जाएगा और आने वाले पांच साल में सोनपुर पूरी तरह बदला हुआ दिखेगा।”

उन्होंने आगे कहा कि सोनपुर को एक बड़े और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करने की रूपरेखा तैयार है। इसके अलावा, उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोनपुर की पहचान बनाने की बात करते हुए कहा कि, “सोनपुर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने का प्रयास किया जाएगा। आने वाले वक्त में दुनिया की नजर में सोनपुर एक विशेष स्थान होगा।”

नीतीश कुमार के नेतृत्व को लेकर उपमुख्यमंत्री ने फिर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि बिहार में सुशासन लगातार मजबूत हुआ है और आगे भी इसी दिशा में काम जारी रहेगा। “नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में बिहार में सुशासन है और आगे भी सुशासन ही रहेगा… जो काम उन्होंने शुरू किया है, उसे हम और आगे बढ़ाएंगे।”

सोनपुर में विकास की बड़ी घोषणाओं और गृह मंत्रालय की कमान संभालने से पहले भगवान के दरबार में नमन यह सम्राट चौधरी की नई भूमिका की प्रतीकात्मक लेकिन मजबूत शुरुआत मानी जा रही है।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार, हाजीपुर