Newshaat_Logo

बेतिया को मिली बड़ी सौगात: एक्सप्रेसवे के लिए जल्द पूरा होगा भूमि अधिग्रहण, 2028 तक बनेंगे दो रेल ओवरब्रिज

 
बेतिया को मिली बड़ी सौगात: एक्सप्रेसवे के लिए जल्द पूरा होगा भूमि अधिग्रहण, 2028 तक बनेंगे दो रेल ओवरब्रिज

 

Bettiah: पश्चिम चंपारण के विकास को नई रफ्तार देने की दिशा में कई अहम परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू होने जा रहा है। लोकसभा सचेतक एवं पश्चिम चंपारण के सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने मंगलवार को बेतिया अतिथि गृह में आयोजित प्रेस वार्ता में जिले से जुड़ी कई बड़ी विकास योजनाओं की जानकारी दी।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के तहत पश्चिम चंपारण में सड़क और रेल नेटवर्क को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पटना-बेतिया एक्सप्रेसवे और पूजहा-सेमरही फोरलेन एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण का काम अगले एक से डेढ़ महीने में पूरा कर लिया जाएगा।

प्रभारी मंत्री के साथ हुई अहम बैठक

डॉ. जायसवाल ने बताया कि हाल ही में जिले के प्रभारी मंत्री लखेन्द्र कुमार रौशन के साथ भूमि अधिग्रहण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। प्रशासन को प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके।

बेतिया और रक्सौल में बनेंगे दो रेल ओवरब्रिज

सांसद ने बताया कि मंगलवार को उनकी समस्तीपुर मंडल के डीआरएम के साथ बैठक हुई। बैठक में बेतिया के बानूछापर रेलवे गुमटी और रक्सौल में दो रेल ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

उन्होंने कहा कि इन दोनों स्थानों पर लंबे समय से जाम की समस्या बनी रहती है। डीआरएम ने भरोसा दिलाया है कि दोनों रेल ओवरब्रिज का निर्माण जनवरी 2028 तक पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

बदल जाएगी बेतिया की ट्रैफिक व्यवस्था

सांसद के अनुसार, बानूछापर रेलवे ओवरब्रिज बनने के बाद बेतिया शहर में जाम की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी और लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इन स्टेशनों का भी होगा विकास

डॉ. जायसवाल ने बताया कि घोड़ासहन और छौड़ादानो रेलवे स्टेशन के उन्नयन का कार्य भी तेजी से चल रहा है और इसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पश्चिम चंपारण में सड़क, रेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार काम कर रही है।

रिपोर्ट: आशीष कुमार, बेतिया, पश्चिम चंपारण