भागलपुर: सो रहे दंपती की गोली मारकर हत्या, जान बचाकर भाग रही पत्नी को खदेड़कर मारी गोली
बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ बदमाशों ने एक दंपती की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी. यह सनसनीखेज मामलानवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र के इस्माइलपुर थाना इलाके का है. इस दोहरे हत्याकांड के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है.
मृतकों की पहचान इस्माइलपुर निवासी नंदलाल मंडल के पुत्र रंजन मंडल और उनकी पत्नी किरण देवी के रूप में की गई है. जानकारी के मुताबिक, रंजन मंडल हटिया स्थित अपनी चाय की दुकान में सो रहे थे, तभी बदमाशों ने उन पर धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. पति को गोली मारता देख जब पत्नी किरण देवी जान बचाकर भागने लगीं, तो बदमाशों ने उन्हें भी खदेड़कर गोलियों से भून दिया. दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब रहे. घटना की सूचना मिलते ही इस्माइलपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार अपने दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए. घटना की संवेदनशीलता और साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस ने FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया है, जो घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है
हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से बदमाश फरार हो गए हैं. पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को डिटेन किया है. थानेदार अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच चल रही है.







