Newshaat_Logo

भोजपुर-बक्सर एमएलसी सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 मई को मतदान- आचार संहिता लागू

 
भोजपुर-बक्सर एमएलसी सीट पर उपचुनाव का ऐलान, 12 मई को मतदान- आचार संहिता लागू
Bihar News: बिहार की सियासत में एक बार फिर चुनावी हलचल तेज हो गई है। भारत निर्वाचन आयोग ने भोजपुर-बक्सर स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। यह सीट राधा चरण साह के विधानसभा के लिए निर्वाचित होने के बाद खाली हुई थी।

आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, उपचुनाव की प्रक्रिया 16 अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जब अधिसूचना जारी की जाएगी। उम्मीदवार 23 अप्रैल तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे, जबकि 24 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल तय की गई है।

12 मई को वोटिंग, 14 को नतीजे
निर्वाचन आयोग ने बताया कि मतदान 12 मई 2026 (मंगलवार) को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद 14 मई को मतगणना की जाएगी और 15 मई तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही क्षेत्र में आचार संहिता भी तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।

तेज हुई सियासी गतिविधियां
इस उपचुनाव को लेकर भोजपुर और बक्सर में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। सभी प्रमुख दलों ने अपनी रणनीति बनानी शुरू कर दी है और उम्मीदवारों के चयन को लेकर मंथन तेज हो गया है।

पिछली जीत रही थी बेहद करीबी
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में संदेश सीट से जदयू के राधा चरण साह ने राजद उम्मीदवार को महज 26 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। ऐसे में इस उपचुनाव को भी कड़ी टक्कर वाला माना जा रहा है।