Newshaat_Logo

वैशाली में जलजमाव रोकने के लिए प्रशासन का बड़ा एक्शन, DM वर्षा सिंह का सख्त आदेश- नाला सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

 
वैशाली में जलजमाव रोकने के लिए प्रशासन का बड़ा एक्शन, DM वर्षा सिंह का सख्त आदेश—नाला सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
Bihar News: मानसून से पहले वैशाली जिला प्रशासन जलजमाव की समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले के सभी नगर निकायों में नालों की व्यापक सफाई और निकाली गई गाद-मिट्टी के त्वरित उठाव का विशेष अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

डीएम ने साफ कहा है कि केवल नालों की सफाई कर देना पर्याप्त नहीं होगा, बल्कि उनसे निकली गाद, मिट्टी और कचरे का समय पर उठाव भी अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सफाई के बाद कचरा और गाद समय पर नहीं हटाया गया, तो जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होगी और जलजमाव की समस्या दोबारा उत्पन्न हो सकती है।

प्रशासन की ओर से नगर परिषद हाजीपुर, लालगंज, महनार, महुआ और पातेपुर समेत सभी नगर निकायों में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। नालों की गहन सफाई के साथ-साथ निकाली गई मिट्टी और कचरे को तुरंत हटाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि कहीं भी अवरोध पैदा न हो और पानी की निकासी सुचारु बनी रहे।

जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक पदाधिकारियों को नियमित निरीक्षण करने और हर स्तर पर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया है। साथ ही जलजमाव संभावित इलाकों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर सफाई कार्य कराने को कहा गया है।

डीएम वर्षा सिंह खुद प्रतिदिन इस अभियान की समीक्षा कर रही हैं। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता सामने आई, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। जिला पदाधिकारी ने नागरिकों से नालों में कचरा नहीं डालने और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का साथ देने की बात कही है। उनका कहना है कि सामूहिक प्रयासों से ही जलजमाव जैसी समस्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।