Newshaat_Logo

बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान: 19 प्रतिभाओं को मिली सरकारी नौकरी, आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP

 
बिहार के खिलाड़ियों के लिए बड़ा ऐलान: 19 प्रतिभाओं को मिली सरकारी नौकरी, आकाश दीप और मुकेश कुमार बने DSP

Bihar news: बिहार के खेल जगत के लिए शुक्रवार का दिन बेहद खास रहा। पटना के राजवंशीनगर स्थित ऊर्जा ऑडिटोरियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नियुक्ति पत्र और छात्रवृत्ति प्रदान की। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेटर आकाश दीप और मुकेश कुमार समेत कुल 19 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बिहार में खेल प्रतिभाओं के लिए एक नए दौर की शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में सम्मानजनक अवसर देकर सरकार ने यह संदेश दिया है कि राज्य की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

आकाश दीप और मुकेश कुमार को DSP की जिम्मेदारी

समारोह में क्रिकेट खिलाड़ी मुकेश कुमार और आकाश दीप को पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर नियुक्ति दी गई। वहीं एथलेटिक्स खिलाड़ी पियूष राज को पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर नियुक्त किया गया। इसके अलावा पांच पैरा खिलाड़ियों समेत विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार बिहार में किसी खिलाड़ी को DSP जैसे उच्च पद पर नियुक्त किया गया है। इससे राज्य के युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और वे खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होंगे।

गांवों से खोजी जाएंगी खेल प्रतिभाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के हर हिस्से में खेल प्रतिभाओं को तलाशना और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देना है। इसी दिशा में 15 सितंबर से पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभा खोज अभियान शुरू किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में राज्य में 5,000 खेल मैदानों का निर्माण पूरा किया गया है। सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक खेलों का माहौल तैयार करना और ग्रामीण प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का समान अवसर देना है।

मोइनुल हक स्टेडियम का हो रहा पुनर्विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित करने पर भी काम चल रहा है। पटना के मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्विकास कराया जा रहा है और इसके संचालन की जिम्मेदारी BCCI को दी गई है। करीब 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला यह स्टेडियम आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम होगा।

उन्होंने नालंदा में स्थापित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का भी उल्लेख किया और कहा कि बिहार में खेलों को नई पहचान देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि उनका लक्ष्य केवल पदक जीतना नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर बिहार को देश का अग्रणी खेल राज्य बनाना भी होना चाहिए।

खिलाड़ियों को करोड़ों की छात्रवृत्ति और पुरस्कार

समारोह में खेल सम्मान योजना के तहत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार राशि के सांकेतिक चेक भी दिए गए। एथलेटिक्स खिलाड़ी सेतु मिश्रा को 37.50 लाख रुपये, विभास्कर कुमार को प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए 2 लाख रुपये और शतरंज खिलाड़ी मरियम फातिमा को 9 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इसके अलावा उत्कर्ष, सक्षम और प्रेरणा छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत चयनित खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए। इन योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण, खेल सामग्री, प्रतियोगिताओं में भागीदारी और खेल विज्ञान से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में कुल 637 खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जाएगी। इनमें 21 खिलाड़ी उत्कर्ष, 184 सक्षम और 432 खिलाड़ी प्रेरणा छात्रवृत्ति योजना के तहत शामिल हैं। प्रेरणा योजना के तहत चयनित 432 खिलाड़ियों में 269 का चयन राज्यव्यापी मशाल प्रतिभा खोज अभियान के जरिए किया गया है।

समारोह में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, खेल विभाग के सचिव दीपक आनंद और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि आने वाले समय में बिहार के खिलाड़ी ओलंपिक, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ, विश्व कप और IPL जैसे बड़े मंचों पर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।