Newshaat_Logo

आपदा पीड़ितों के लिए बड़ा फैसला: ₹4.70 करोड़ राहत राशि को मंजूरी, हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद

 
आपदा पीड़ितों के लिए बड़ा फैसला: ₹4.70 करोड़ राहत राशि को मंजूरी, हर जरूरतमंद तक पहुंचेगी मदद
Bihar news: बिहार में आपदा से प्रभावित लोगों के लिए सरकार ने राहत का बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में हुई मुख्यमंत्री राहत कोष की अहम बैठक में 4 करोड़ 70 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि को मंजूरी दी गई है। यह फैसला एक अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में आयोजित न्यासी परिषद की 24वीं बैठक में लिया गया।

मृतकों और घायलों के परिजनों को मिलेगा सहारा
बैठक में राज्य के भीतर और बाहर हुई विभिन्न दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले कुल 161 लोगों के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही 41 गंभीर रूप से घायल लोगों को भी आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। इस मद में कुल ₹4.70 करोड़ खर्च की स्वीकृति दी गई है।

राहत शिविरों के लिए भी विशेष व्यवस्था
सरकार ने बाढ़ राहत शिविरों में जन्म लेने वाले बच्चों और वहां रह रहे लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बर्तन और कपड़ों की खरीद के लिए करीब 38 लाख रुपये मंजूर किए हैं, ताकि प्रभावित परिवारों को बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।

बालश्रम से मुक्त किशोरों के पुनर्वास पर जोर
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 14 से 18 वर्ष के बालश्रम से मुक्त कराए गए किशोरों के पुनर्वास के लिए श्रम संसाधन विभाग को ₹86 लाख दिए जाएंगे। हर किशोर को ₹25 हजार की दर से सहायता प्रदान की जाएगी।

सरकार का संदेश: संकट में हर संभव सहयोग
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्पष्ट कहा कि आपदा के समय सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और राहत कोष के माध्यम से त्वरित सहायता सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री नारायण प्रसाद, प्रधान सचिव दीपक कुमार और डीजीपी विनय कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

सरकार का यह कदम आपदा से जूझ रहे लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया है और यह संदेश देता है कि संकट की घड़ी में प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।