Movie prime

बिहार विधानसभा में बड़ा डिजिटल कदम: अब ऑनलाइन होगा शून्यकाल, घर से मुद्दे भेज सकेंगे विधायक

 
बिहार विधानसभा में बड़ा डिजिटल कदम: अब ऑनलाइन होगा शून्यकाल, घर से मुद्दे भेज सकेंगे विधायक
Bihar news: बिहार विधान सभा की कार्यप्रणाली को और आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा फैसला लिया गया है। अब शून्यकाल की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लाई जा रही है, जिससे विधायकों को समय और उपस्थिति से जुड़ी परेशानियों से राहत मिलेगी।

इस संबंध में मंगलवार शाम विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में वरिष्ठ अधिकारियों और नेवा (NeVA) टीम के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में निर्णय लिया गया कि 23 फरवरी 2026 से शून्यकाल की सूचना देने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी जाएगी।

अब तक शून्यकाल में मुद्दा उठाने के लिए विधायकों को सुबह 9 से 10 बजे के बीच व्यक्तिगत रूप से विधानसभा पहुंचकर नोटिस देना पड़ता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सदस्य पोर्टल के माध्यम से अधिकतम 50 शब्दों में यूनिकोड फॉन्ट में अपना विषय ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। तय समय के दौरान पोर्टल पर “सेंड” बटन सक्रिय रहेगा और भेजी गई सूचना सीधे अध्यक्ष के अनुमोदन के लिए पहुंच जाएगी।

नई प्रणाली को सुचारु रूप से लागू करने के लिए 19 से 21 फरवरी तक विधायकों के निजी सहायकों के लिए अलग-अलग बैच में प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। बैठक में प्रभारी सचिव ख्याति सिंह, नेवा टीम और विधानसभा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

डिजिटल शून्यकाल व्यवस्था को विधानसभा की कार्यवाही को तेज, पारदर्शी और सदस्य-अनुकूल बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।