Newshaat_Logo

बांका को बड़ी सौगात! 4.57 करोड़ से संवरेगा आगरा जोर चेकडैम, किसानों समेत हजारों लोगों को मिलेगा लाभ

Banka: परियोजना पूरी होने के बाद आसपास के गांवों के किसानों, पशुपालकों और स्थानीय ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही भू-जल स्तर में सुधार और कृषि उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. लंबे समय से लंबित इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.
 
BANKA BIHAR

Banka: जिले के लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है. वर्षों से उपेक्षित पड़े आगरा जोर चेकडैम के पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है. करीब 4.57 करोड़ रुपये की लागत से इस महत्वपूर्ण परियोजना को नया जीवन मिलेगा. चेकडैम के विकास से क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा और किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सकेगा.

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

परियोजना पूरी होने के बाद आसपास के गांवों के किसानों, पशुपालकों और स्थानीय ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है. साथ ही भू-जल स्तर में सुधार और कृषि उत्पादन बढ़ने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. लंबे समय से लंबित इस योजना के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है.

पूर्व मंत्री सह अमरपुर विधायक जयंतराज के प्रयास से लघु जल संसाधन विभाग ने इस महत्वाकांक्षी योजना को स्वीकृति प्रदान कर दी है.

विभाग की ओर से चार करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से चेकडैम एवं छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा. निविदा प्रक्रिया पूरी कर संवेदक का चयन भी कर लिया गया है.

विभागीय अधिकारियों के अनुसार कुछ ही दिनों में निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा. लघु जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता रंजीत रोशन ने बताया कि चेकडैम के निर्माण से क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा.

इसके माध्यम से एक हजार एकड़ से अधिक कृषि योग्य भूमि को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी. इससे किसानों की वर्षा पर निर्भरता कम होगी तथा फसल उत्पादन में वृद्धि होने की संभावना है. उन्होंने बताया कि वर्ष 1995 में आई भीषण बाढ़ के दौरान यह चेकडैम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था. इसके बाद से ही स्थानीय किसान और ग्रामीण इसके पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे.

300 फीट लंबा बनेगा छठ घाट

चेकडैम निर्माण के साथ आगरा जोर के सुंदरीकरण की भी योजना तैयार की गई है. यह स्थल शहर का प्रमुख छठ घाट है, जहां छठ महापर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु अर्घ्य देने पहुंचते हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए यहां 300 फीट लंबा पक्का घाट बनाया जाएगा. इससे पर्व के दौरान होने वाली असुविधाओं से लोगों को राहत मिलेगी और घाट की सुरक्षा व्यवस्था भी बेहतर होगी.

योजना की स्वीकृति से पंडा टोला, गज्जर सहित आसपास के गांवों के किसानों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है. जदयू नेता द्वारिका प्रसाद मिश्र, मुखिया निखिल बहादुर उर्फ मान सिंह, किसान विमल झा, उत्तम झा और आशू झा समेत कई लोगों ने इसके लिए पूर्व मंत्री जयंतराज के प्रति आभार व्यक्त किया है.