बिहार को मिली बड़ी सौगात! किशनगंज में बनेगा CISF का रीजनल ट्रेनिंग सेंटर, 110 एकड़ जमीन को मंजूरी
जानकारी के मुताबिक, प्रस्तावित RTC में करीब एक हजार CISF जवानों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे न सिर्फ सुरक्षा बलों की क्षमता बढ़ेगी बल्कि सीमावर्ती इलाके किशनगंज में विकास और रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद अब भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को तेजी से शुरू करने का निर्देश दिया गया है। माना जा रहा है कि यह परियोजना बिहार के रणनीतिक और सुरक्षा महत्व को नई पहचान देगी।
राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले को “डबल इंजन सरकार” की बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि इससे बिहार की सुरक्षा अवसंरचना को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय लोगों का मानना है कि RTC बनने से किशनगंज और आसपास के इलाकों में सड़क, बिजली, बाजार और अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी तेजी से विकास होगा। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार और कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे।







