Newshaat_Logo

संजय गांधी जैविक उद्यान में वन्यजीव प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी, सिंगापुर से लाए जाएंगे सफेद गैंडे

Patna Zoo: सफेद गैंडे दुनिया के सबसे बड़े स्थलीय स्तनधारियों में गिने जाते हैं और इनके दो बड़े सींग इन्हें खास बनाते हैं. पटना जू प्रशासन इन गैंडों के लिए विशेष बाड़ा और अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है ताकि वे यहां सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें. सिंगापुर जू से दो सिंग वाले सफेद गैंडे (White Rhinoceros) का एक जोड़ा पटना जू आने वाला है.
 
BIHAR

Patna Zoo: बिहार की राजधानी पटना के संजय गांधी जैविक उद्यान यानी पटना जू में जल्द ही दो सींग वाले दुर्लभ सफेद गैंडे लाए जाएंगे. जानकारी के अनुसार यह खास जोड़ा सिंगापुर से पटना पहुंचने वाला है. इन गैंडों के आने से जू की आकर्षण क्षमता और बढ़ेगी, साथ ही वन्यजीव संरक्षण और प्रजनन कार्यक्रम को भी मजबूती मिलेगी.

सफेद गैंडे दुनिया के सबसे बड़े स्थलीय स्तनधारियों में गिने जाते हैं और इनके दो बड़े सींग इन्हें खास बनाते हैं. पटना जू प्रशासन इन गैंडों के लिए विशेष बाड़ा और अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है ताकि वे यहां सुरक्षित और स्वस्थ रह सकें. सिंगापुर जू से दो सिंग वाले सफेद गैंडे (White Rhinoceros) का एक जोड़ा पटना जू आने वाला है. बदले में पटना जू से एक सिंग वाले गैंडों का एक जोड़ा सिंगापुर भेजा जाएगा.

वन एवं पर्यावरण विभाग के अधिकारियों तथा पटना जू प्रबंधन के साथ सिंगापुर जू के अधिकारियों के बीच इस अदला-बदली की योजना पर बातचीत चल रही है. जल्द ही इस आदान-प्रदान को अमली जामा पहनाया जाएगा. पटना जू के सूत्रों के अनुसार, दो सिंग वाले सफेद गैंडों के आने से यहां गैंडों की प्रजातियों में विविधता बढ़ेगी। वर्तमान में पटना जू में केवल एक सींग वाले भारतीय गैंडे (Indian Rhinoceros) हैं. नए गैंडों के आने के बाद दर्शक दोनों प्रजातियों को एक ही जगह देख सकेंगे.

यह आदान-प्रदान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रजाति संरक्षण और जू व्यवस्थापन के तहत किया जा रहा है. इससे दोनों देशों के बीच वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में सहयोग भी बढ़ेगा. दो सिंग वाले सफेद गैंडे अफ्रीकी मूल के होते हैं और आकार में काफी बड़े होते हैं. इनके आने से पटना जू न सिर्फ बिहार बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए एक और बड़ा पर्यटक आकर्षण बन जाएगा.