Newshaat_Logo

बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर: सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी की अचानक बिगड़ी तबीयत, IGIMS के ICU में कराया गया भर्ती

 
बिहार की राजनीति से जुड़ी बड़ी खबर: सम्राट चौधरी के पिता शकुनी चौधरी की अचानक बिगड़ी तबीयत, IGIMS के ICU में कराया गया भर्ती
Bihar news: बिहार की सियासत से गुरुवार को बड़ी खबर सामने आई, जब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पिता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ, बोलने में परेशानी और ऑक्सीजन लेवल कम होने के बाद उन्हें आनन-फानन में पटना IGIMS में भर्ती कराया गया।

डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के ICU में रखा, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की निगरानी में इलाज शुरू किया गया।

गंभीर अस्थमा अटैक के बाद बिगड़ी हालत

अस्पताल सूत्रों के मुताबिक शकुनी चौधरी को गंभीर अस्थमा अटैक आया था। अचानक सांस लेने में दिक्कत बढ़ने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल लाना पड़ा।

हालांकि इलाज शुरू होने के बाद उनकी तबीयत में धीरे-धीरे सुधार हुआ। शाम तक स्थिति स्थिर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें ICU से डीलक्स रूम में शिफ्ट कर दिया। चिकित्सकों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत सामान्य है और अगर स्वास्थ्य में इसी तरह सुधार जारी रहा तो शुक्रवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।

अस्पताल पहुंचने लगे नेता और समर्थक

पूर्व मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी IGIMS पहुंचे और डॉक्टरों से इलाज की जानकारी ली।

Nishant Kumar

दिनभर अस्पताल परिसर में नेताओं, समर्थकों और शुभचिंतकों का आना-जाना लगा रहा। कई राजनीतिक हस्तियों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

बिहार की राजनीति का बड़ा नाम हैं शकुनी चौधरी

शकुनी चौधरी बिहार की राजनीति के अनुभवी नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने 1980 से 2005 तक तारापुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया और लंबे समय तक राज्य की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभाई।