बिहार में बड़ा सियासी मोड़! आखिरी कैबिनेट बैठक के बाद बदल सकती है सत्ता, 14 अप्रैल तक नए CM पर सस्पेंस
बताया जा रहा है कि इस बैठक में 2030 तक के विकास रोडमैप, समृद्धि यात्रा में किए गए ऐलानों और कई अहम योजनाओं पर निर्णय लिया जा सकता है। खास बात यह है कि आमतौर पर मंगलवार को होने वाली कैबिनेट इस बार बुधवार को बुलाई गई है, जिससे इसके राजनीतिक मायने और भी बढ़ गए हैं।
दिल्ली दौरे के बाद बढ़ेगा सस्पेंस
जानकारी के मुताबिक नीतीश कुमार 9 अप्रैल को दिल्ली रवाना हो सकते हैं, जहां 10 अप्रैल को वे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इस दौरान उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से भी हो सकती है।
14 अप्रैल तक नया मुख्यमंत्री?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि 13 या 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में नए नेता का चयन होगा। भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण अगला मुख्यमंत्री भाजपा से बनने की संभावना जताई जा रही है।
संभावित नामों में सम्राट चौधरी, नित्यानंद राय, विजय कुमार सिंहा और श्रेयसी सिंह जैसे नेता चर्चा में हैं, हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
लंबे अंतराल के बाद अहम बैठक
गौरतलब है कि फरवरी के बाद यह पहली कैबिनेट बैठक हो रही है। 20 फरवरी को हुई पिछली बैठक में 35 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई थी। ऐसे में यह बैठक न सिर्फ प्रशासनिक बल्कि राजनीतिक दृष्टि से भी बेहद अहम मानी जा रही है।
बिहार में सत्ता परिवर्तन की आहट तेज हो गई है और आने वाले कुछ दिन राज्य की राजनीति के लिए निर्णायक साबित हो सकते हैं।







