शिक्षकों को बड़ी राहत, ऑनलाइन तबादला व्यवस्था से खत्म होगी सिफारिश और दौड़-धूप की संस्कृति
Patna News: बिहार के लाखों शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित स्थानांतरण व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार अब बड़ा बदलाव करने जा रही है। शिक्षा विभाग ने 'बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026' को लागू करने की तैयारी तेज कर दी है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद शिक्षकों, प्रधान शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों का तबादला पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के जरिए किया जाएगा।
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा है कि सरकार शिक्षकों के कल्याण और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका मानना है कि जब शिक्षक संतुष्ट और सुविधाजनक माहौल में काम करेंगे, तब इसका सीधा लाभ छात्रों की पढ़ाई और स्कूलों की शैक्षणिक गुणवत्ता पर दिखाई देगा। उनका दावा है कि नई नीति से स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुगम बनेगी। अब शिक्षकों को तबादले के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने, सिफारिश तलाशने या प्रशासनिक जटिलताओं से जूझने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदन से लेकर स्वीकृति तक की पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संचालित की जाएगी।
शिक्षा विभाग के अनुसार नई नियमावली का उद्देश्य सिर्फ प्रशासनिक जरूरतों को पूरा करना नहीं, बल्कि शिक्षकों की व्यक्तिगत और पारिवारिक परिस्थितियों को भी ध्यान में रखना है। इसी सोच के तहत महिला शिक्षकों को विशेष सुविधा देने का प्रस्ताव रखा गया है। नई व्यवस्था में महिला शिक्षकों को गृह पंचायत छोड़कर उसी प्रखंड की नजदीकी पंचायतों में पदस्थापन का अवसर मिल सकेगा, जिससे उन्हें पारिवारिक जिम्मेदारियों और नौकरी के बीच बेहतर संतुलन बनाने में मदद मिलेगी। वहीं पुरुष शिक्षकों को भी गृह प्रखंड से अलग लेकिन जिले के भीतर नजदीकी प्रखंडों में स्थानांतरण का विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा दिव्यांगता, गंभीर बीमारी, पति-पत्नी के एक ही स्थान पर पदस्थापन और अन्य मानवीय आधारों को भी प्राथमिकता देने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है।
नई नीति का एक महत्वपूर्ण पहलू शिक्षक-विद्यार्थी अनुपात को संतुलित करना भी है। शिक्षा विभाग उन विद्यालयों की पहचान कर रहा है जहां शिक्षकों की कमी है। जरूरत के अनुसार शिक्षकों की तैनाती कर ग्रामीण और दूरदराज के स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की योजना तैयार की गई है। यदि यह नियमावली प्रभावी ढंग से लागू होती है, तो यह बिहार की शिक्षा व्यवस्था में एक बड़ा प्रशासनिक सुधार साबित हो सकती है। इससे न केवल स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी, बल्कि वर्षों से तबादले की मांग कर रहे लाखों शिक्षकों को भी बड़ी राहत मिलेगी।







