SDPO की सख्ती और ID चेकिंग में बड़ा खुलासा, कई कार्ड दिखाने के बाद सामने आया IPS अधिकारी होने का सच...
Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद से चौंकाने वाली खबर सामने आई. जहां एक फर्जी आईपीएस अफसर के सामने पुलिस के एसडीपीओ साहब जा पहुंचे. आरोप है कि फर्जी अफसर बनकर शख्स एक व्यापारी से रंगदारी बसूलने पहुंचा था. वह व्यापारी से एक लाख 20 हजार रुपये की मांग कर रहा था. तभी एसडीओपी पहुंचे और उससे आई दिखाने को कहा. ठग ने एक के बाद एक कई कार्ड निकाल दिए. उसे थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने सारा सच उगल दिया.
औरंगाबाद जिले में खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर ठगी और धमकी देने वाले एक शातिर युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. दाउदनगर थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश शुक्ला के रूप में हुई है, जो गोरखपुर का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से खुद को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को ठग रहा था. उसने दाउदनगर इलाके के एक व्यवसायी को अपना शिकार बनाया और उससे लाखों रुपये की ठगी कर ली. इतना ही नहीं, आरोपी लगातार खुद को बड़े अधिकारी का रुतबा दिखाकर धमकी भी देता था.
मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी एक बार फिर उसी व्यवसायी से 1 लाख 20 हजार रुपये की मांग करने पहुंचा. इस दौरान पीड़ित ने पुलिस को सूचना दे दी. मौके पर पहुंचे एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने जब आरोपी से पहचान पत्र दिखाने को कहा, तो वह घबरा गया. तलाशी के दौरान उसके पास से कई तरह के फर्जी पहचान पत्र, विजिटिंग कार्ड और दस्तावेज बरामद हुए, जिनके जरिए वह खुद को आईपीएस अधिकारी साबित करने की कोशिश करता था.
पुलिस पूछताछ में क्या बताया?
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की, तो उसका झूठ ज्यादा देर तक टिक नहीं सका और उसने पूरा सच उगल दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी बेहद शातिर तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाता था और सरकारी अधिकारी होने का डर दिखाकर पैसे ऐंठता था. फिलहाल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है, ताकि उसके अन्य कारनामों का भी खुलासा हो सके.







