Newshaat_Logo

बिहार में मौसम का बड़ा यू-टर्न! 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

 
बिहार में मौसम का बड़ा यू-टर्न! 19 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, भीषण गर्मी से मिलेगी राहत

Bihar news: बिहार में कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि राज्य में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बिहार मौसम सेवा केंद्र ने राजधानी पटना समेत 19 जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। राजधानी पटना में भी दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है और कई इलाकों में बारिश दर्ज की जा सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि पटना और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश होती है तो तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलेगी।

मौसम विभाग ने पटना, गया, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका, मुंगेर, खगड़िया, बेगूसराय, भागलपुर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण समेत 19 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं समस्तीपुर जिले को येलो अलर्ट श्रेणी में रखा गया है।

विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। किसानों और आम नागरिकों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र फिलहाल कमजोर है, लेकिन अगले 48 से 72 घंटों के भीतर इसके मजबूत होने की संभावना है। इसके बाद मानसून की गतिविधियां तेज होंगी और पूरे बिहार में व्यापक बारिश का दौर शुरू हो सकता है।

गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे। कैमूर जिले का भभुआ सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अब लोगों को इंतजार है कि बारिश कब दस्तक देती है और तपती गर्मी से राहत दिलाती है।