Newshaat_Logo

बिहार को मिला नया महाधिवक्ता, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने एस.डी. संजय को दी शुभकामनाएं

 
बिहार को मिला नया महाधिवक्ता, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने एस.डी. संजय को दी शुभकामनाएं

Bihar news: बिहार सरकार द्वारा वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. संजय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किए जाने पर राजनीतिक और विधिक जगत से बधाइयों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि राज्यपाल द्वारा की गई यह नियुक्ति एस.डी. संजय की उत्कृष्ट विधिक क्षमता, पेशेवर दक्षता और न्याय व्यवस्था के प्रति उनके लंबे समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से बिहार सरकार के विधिक मामलों को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि भारत सरकार के पूर्व अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (ASG) के रूप में सुप्रीम कोर्ट में दी गई उनकी सेवाएं तथा पटना हाईकोर्ट में उनका लंबा और समृद्ध अनुभव इस संवैधानिक पद की गरिमा को और बढ़ाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि एस.डी. संजय के मार्गदर्शन में राज्य के कानूनी हितों का प्रभावी और पारदर्शी तरीके से प्रतिनिधित्व किया जाएगा।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा कि न्यायिक क्षेत्र में उनकी विशेषज्ञता और नीतिगत समझ बिहार के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए एस.डी. संजय के सफल, यशस्वी और जनहितकारी कार्यकाल की कामना की।

गौरतलब है कि बिहार सरकार ने हाल ही में वरिष्ठ अधिवक्ता एस.डी. संजय को राज्य का नया महाधिवक्ता नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति को बिहार के विधिक और प्रशासनिक क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।