Newshaat_Logo

जम्मू-कश्मीर दौरे पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, सीएम उमर अब्दुल्ला से की मुलाकात; विकास और सुशासन पर हुई विस्तृत चर्चा

 
जम्मू-कश्मीर दौरे पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, सीएम उमर अब्दुल्ला से की मुलाकात; विकास और सुशासन पर हुई विस्तृत चर्चा

Bihar news: जम्मू-कश्मीर प्रवास के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान आधारभूत संरचना के विकास, पर्यटन को बढ़ावा देने, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क संपर्क, ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे अहम विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने आधुनिक तकनीक और जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

डॉ. प्रेम कुमार ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, उद्योग और निवेश के क्षेत्र में तेजी से काम हो रहा है। साथ ही वर्ष 2047 तक ‘विकसित बिहार’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों के बीच विकास के सफल अनुभवों का आदान-प्रदान राष्ट्रीय प्रगति के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों से सीखकर विकास की गति को और तेज किया जा सकता है।

वहीं, मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी राज्यों के बीच सहयोग और निरंतर संवाद को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सकारात्मक सहभागिता से सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को नई दिशा मिलती है।

दोनों नेताओं ने सहकारी संघवाद की भावना को मजबूत करने, लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने और राज्यों के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने पर सहमति जताई।