ICC Insurance Conclave 2026 में बोले बिहार विधानसभा अध्यक्ष, ग्रामीण और वंचित वर्गों तक बीमा सेवाओं की आसान पहुंच पर दिया जोर
Bihar News: बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बदलते सामाजिक और आर्थिक परिवेश में बीमा की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। बीमा केवल आर्थिक सुरक्षा का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों को वित्तीय सुरक्षा देकर उन्हें सशक्त बनाने का प्रभावी साधन भी है।
डॉ. प्रेम कुमार मंगलवार को पटना स्थित होटल मौर्या में ICC बिहार स्टेट काउंसिल की ओर से आयोजित 3rd ICC Insurance Conclave 2026 में शामिल हुए। इस वर्ष कॉन्क्लेव की थीम “Innovating Insurance for Inclusive Growth” रखी गई थी।
तकनीक से आसान होगी बीमा सेवाओं तक पहुंच
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बीमा क्षेत्र में तकनीकी नवाचार और डिजिटल बदलावों का लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। तकनीक के जरिए बीमा सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाया जा सकता है।
उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों, किसानों, छोटे व्यवसायियों और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक बीमा सुविधाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने की जरूरत बताई।
वित्तीय समावेशन को बताया महत्वपूर्ण
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जन-धन, सामाजिक सुरक्षा और विभिन्न बीमा योजनाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को आर्थिक सुरक्षा के दायरे में लाया गया है।
उन्होंने कहा कि अब जरूरत है कि तकनीक और नवाचार के बेहतर इस्तेमाल से इन सेवाओं को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
उद्योग और नीति विशेषज्ञों के बीच संवाद का मंच
बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के कॉन्क्लेव उद्योग जगत, बीमा क्षेत्र के विशेषज्ञों, नीति निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिनिधियों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं। ऐसे आयोजनों में विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान होता है, जिससे बीमा क्षेत्र की मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर गंभीर चर्चा की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के संवाद नई नीतियों, तकनीकी नवाचारों और बेहतर कार्ययोजनाओं का रास्ता तैयार करने में मददगार साबित होते हैं।
‘हर वर्ग को वित्तीय सुरक्षा देने में मिलेगी मदद’
डॉ. प्रेम कुमार ने ICC Insurance Conclave 2026 के सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि “Innovating Insurance for Inclusive Growth” की अवधारणा भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के संकल्प को मजबूती देगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि बीमा क्षेत्र में नवाचार और तकनीक के प्रभावी उपयोग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक वित्तीय सुरक्षा पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।







