बिहार बंद बना “लेडीज़ स्पेशल”! जहानाबाद में शिक्षिका बनाम भाजपा कार्यकर्ता- सड़क पर शुरू हुआ लाइव मारपीट
Jahanabad: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा ने गुरुवार को बिहार बंद का ऐलान किया था। इस दौरान जहानाबाद में हालात उस वक्त बिगड़ गए जब भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं और एक महिला शिक्षिका आमने-सामने भिड़ गईं।
अरवल मोड़ के पास भाजपा महिला कार्यकर्ता चक्का जाम कर सड़क पर नारेबाज़ी कर रही थीं। तभी एक महिला शिक्षिका अपनी कार से जाम तोड़ने की कोशिश करने लगी। कार्यकर्ताओं ने रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। देखते ही देखते सड़क पर जबरदस्त नोकझोंक और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
सूत्रों के मुताबिक, झड़प के बीच शिक्षिका ने प्रधानमंत्री समर्थकों पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इसके बाद गुस्साई कार्यकर्ताओं ने उन्हें कार से उतारने की कोशिश की और हालात बेकाबू हो गए।
मौके पर पुलिस पहुंची और किसी तरह स्थिति को काबू में लिया। पुलिस ने शिक्षिका को अपनी गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित स्कूल पहुंचाया।
भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ता सुनीता कुमारी का आरोप है कि शिक्षिका ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का इस्तेमाल किया। वहीं, शिक्षिका का कहना है कि मामला केवल हल्की झड़प का था और पुलिस के पहुंचते ही सब शांत हो गया।
जहानाबाद से पवन कुमार की रिपोर्ट







