बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: महिलाओं को मिलेगा रोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख तक की मदद
Patna: बिहार में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने एक और अहम कदम उठाया है। शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में “मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना” को मंज़ूरी दे दी गई। इस योजना के तहत अब हर परिवार की एक महिला को अपनी पसंद का व्यवसाय या रोजगार शुरू करने के लिए राज्य सरकार आर्थिक मदद देगी।
सीएम नीतीश कुमार ने ट्वीट कर कहा कि 2005 से ही उनकी सरकार ने महिला सशक्तिकरण पर ज़ोर दिया है और यह नई योजना उसी मिशन का विस्तार है। उनका कहना है कि इस फैसले से न केवल महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी बल्कि बिहार की अर्थव्यवस्था और मज़बूत होगी।
योजना की मुख्य बातें
• हर परिवार की एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए 10 हज़ार रुपये की प्रारंभिक सहायता मिलेगी।
• रोजगार शुरू करने के छह महीने बाद 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त मदद भी दी जाएगी।
• महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से शहर तक हाट-बाज़ार विकसित किए जाएंगे।
• सितंबर 2025 से ही लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते में सीधी राशि भेजी जाएगी।
• आवेदन प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी, जिसकी ज़िम्मेदारी ग्रामीण विकास विभाग और नगर विकास एवं आवास विभाग मिलकर संभालेंगे।
सीएम ने भरोसा जताया कि इस योजना से राज्य में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और महिलाओं को मजबूरी में दूसरे राज्यों में काम की तलाश में नहीं जाना पड़ेगा।







