बिहार कैबिनेट बैठक: 26 एजेंडों पर लगी मुहर, लागू हुआ औद्योगिक निवेश पैकेज 2025
Patna: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में 26 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगी। विधानसभा चुनाव से पहले सरकार ने इस बैठक के जरिए बिहारवासियों को बड़ी सौगात दी है।
उद्योग जगत के लिए नई पहल
बैठक में सबसे अहम फैसला बिहार औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन पैकेज 2025 (BIPPP-2025) को लागू करने का रहा। इसका उद्देश्य प्रदेश में उद्योगों को बढ़ावा देना और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलना है।
इस पैकेज के तहत राज्य में निवेश करने वाले उद्यमियों को कई तरह की रियायतें दी जाएंगी। इसमें ब्याज में छूट, कर सब्सिडी, पूंजीगत निवेश पर प्रोत्साहन, निर्यात करने वाले उद्योगों को अतिरिक्त लाभ और अन्य कई सुविधाएं शामिल होंगी।
रोजगार पर फोकस
राज्य सरकार का दावा है कि इस नई औद्योगिक नीति से न सिर्फ बड़े उद्योग, बल्कि मध्यम और छोटे स्तर के उद्यम भी लाभान्वित होंगे। साथ ही, स्थानीय स्तर पर युवाओं को रोजगार मिलेगा और पलायन की समस्या को कम करने में मदद होगी।
चुनावी सीजन में बड़ा ऐलान
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी साल में यह पैकेज सरकार का मास्टरस्ट्रोक साबित हो सकता है। औद्योगिक विकास को लेकर लंबे समय से विपक्ष सरकार पर सवाल उठाता रहा है। अब इस नई योजना से नीतीश सरकार ने उद्योग और रोजगार दोनों मोर्चों पर अपनी गंभीरता जताई है।







