पटना समाहरणालय का सीएम नीतीश कुमार ने किया निरीक्षण, विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए कई अहम निर्देश
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने भवन के पांचवें तल पर बने मीटिंग हॉल, उप विकास आयुक्त जिला परिषद कार्यालय और अनुमंडल पदाधिकारी (सदर) कार्यालय का मुआयना किया। इसके साथ ही उन्होंने समाहरणालय भवन के सभी तल का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
कलेक्टेरियट घाट से सभ्यता द्वार तक बनेगी सड़क
मुख्यमंत्री ने कलेक्टोरेट घाट पटना से सभ्यता द्वार तक बन रही सड़क परियोजना का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को इस सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
बताया गया कि इस सड़क के बनने से छठ पूजा करने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी, साथ ही मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग उपयोगी साबित होगा। इससे कलेक्टेरियट घाट की खूबसूरती और पहुंच भी बेहतर हो जाएगी।
डबल डेकर पुल और एसएसपी कार्यालय का भी निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने समाहरणालय परिसर में बन रहे वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उन्होंने डबल डेकर पुल के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया और शेष कार्यों को तेजी से पूरा करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के साथ समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि मेट्रो कनेक्टिविटी और शहरी यातायात व्यवस्था और बेहतर हो सके।
पुराने भवन की जगह बना आधुनिक समाहरणालय
गौरतलब है कि वर्ष 2017 में समीक्षा के दौरान पुराने समाहरणालय भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए उसे तोड़कर नया आधुनिक समाहरणालय भवन बनाने का निर्णय लिया गया था। गंगा नदी के किनारे बने इस नए परिसर में अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ कार्यालयों का निर्माण किया गया है।
इस भवन में जल ट्रीटमेंट प्लांट, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट और 40 किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाया गया है। साथ ही परिसर में 204 वाहनों के लिए खुली पार्किंग और बेसमेंट में 240 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह , विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह और पटना के जिलाधिकारी डॉ. थ्यागरजन एसएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।







