Movie prime

कल्याण बिगहा पहुँचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पिता की 48वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि- भतीजे निशांत के राजनीति में आने की जताई गई उम्मीद

 
कल्याण बिगहा पहुँचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पिता की 48वीं पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि- भतीजे निशांत के राजनीति में आने की जताई गई उम्मीद

Bihar news: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को अपने पैतृक गांव कल्याण बिगहा (नालंदा) पहुँचे। यह उनका 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद गांव का पहला दौरा था। उन्होंने अपने पिता स्व. कविराज रामलखन सिंह की 48वीं पुण्यतिथि के मौके पर स्मृति वाटिका में पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

मुख्यमंत्री के साथ उनके बड़े भाई सतीश कुमार और पुत्र निशांत कुमार भी मौजूद रहे। दौरे को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गांव में मुख्य तोरण द्वार भी सजाया गया था, जिस पर लिखा था “जनता की आवाज भाई निशांत” जिसने लोगों के बीच चर्चाओं को और तेज कर दिया।

निशांत के राजनीति में आने की इच्छा जताई गई

मुख्यमंत्री के बड़े भाई सतीश कुमार ने साफ तौर पर कहा कि उनके भतीजे निशांत कुमार को अब राजनीति में कदम रखना चाहिए। उन्होंने कहा- “निशांत जब चाहें, राजनीति में अपनी पारी शुरू कर सकते हैं। परिवार की ओर से कोई आपत्ति नहीं होगी। उन्हें किसी विशेष तैयारी की भी जरूरत नहीं है। चाहे वह मंत्री बनें या विधायक न बनें, लेकिन राजनीति में सक्रिय होना चाहिए। हम तो चाहेंगे कि वह जल्द आगे बढ़ें।”

उन्होंने यह भी बताया कि वे अपने छोटे भाई और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से निशांत को सक्रिय राजनीति में लाने पर बात करेंगे। हालांकि, अंतिम निर्णय निशांत पर ही निर्भर है कि वे कब राजनीति में प्रवेश करना चाहते हैं।

नीतीश कुमार के इस दौरे और परिवार के भीतर से मिले संकेतों के बाद नालंदा से लेकर पटना तक राजनीतिक गलियारे में निशांत कुमार की सक्रिय राजनीति में संभावित एंट्री की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।