बिहार दिवस 2026: तीन दिन, तीन सुपरस्टार… सुर, संस्कृति और रंगों से गूंजेगा पटना
इस बार का सबसे बड़ा आकर्षण होंगे मशहूर गायक सोना मोहपात्र, शान और पापों, जो अपने सुरों से बिहार दिवस को यादगार बनाने आ रहे हैं।
तीन दिन, तीन सितारे- संगीत का महाउत्सव
22 से 24 मार्च तक एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 22 मार्च को सोना मोहापात्रा, 23 मार्च को शान और 24 मार्च को पपोन अपनी प्रस्तुति देंगे। इन लाइव परफॉर्मेंस के साथ ही दर्शकों को लोकगीत, ध्रुपद गायन, समकालीन संगीत और नृत्य की विविध झलकियां भी देखने को मिलेंगी।
संस्कृति के हर रंग से सजेगा मंच
शिक्षा और कला-संस्कृति विभाग की ओर से इस बार कार्यक्रमों की लंबी श्रृंखला तैयार की गई है। इसमें लोकनृत्य, नाटक, हास्य कवि सम्मेलन, मुशायरा और ‘बिहार दर्पण’ जैसी विशेष प्रस्तुतियां शामिल होंगी, जो राज्य की समृद्ध परंपरा और आधुनिकता का अनूठा संगम पेश करेंगी।
महिला नाट्य उत्सव भी बनेगा आकर्षण
इसके अलावा 22 से 26 मार्च तक प्रेमचंद रंगशाला और नृत्य कला मंदिर में पांच दिवसीय महिला नाट्य उत्सव आयोजित होगा। इसमें ‘पारो’, ‘बिदेसिया’, ‘फर्क है’, ‘चारुलता’ और ‘आधे-अधूरे’ जैसे नाटकों का मंचन किया जाएगा।
वर्कशॉप और सांस्कृतिक अनुभव भी खास
उत्सव के दौरान संगीत और पेंटिंग से जुड़ी वर्कशॉप भी आयोजित की जाएंगी, जिससे युवा प्रतिभाओं को मंच मिलेगा। वहीं ‘बिहार दर्पण’ के जरिए आगंतुकों को राज्य के इतिहास, संस्कृति और विकास की झलक देखने का अवसर मिलेगा।
गर्व और उत्सव का संगम
बुद्ध की धरती, सम्राट अशोक की विरासत और गुरु गोबिंद सिंह की जन्मस्थली रहे बिहार के 114वें स्थापना दिवस पर यह आयोजन न सिर्फ उत्सव होगा, बल्कि बिहार की पहचान, गौरव और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का बड़ा मंच भी बनेगा।







