Movie prime

Bihar Chunav 2025: चुनावी रणनीतिकार PK ने तेजस्वी यादव के गढ़ राघोपुर में किया अभियान की शुरुआत, राजनीतिक माहौल गरम

 
Bihar Chunav 2025: चुनावी रणनीतिकार PK ने तेजस्वी यादव के गढ़ राघोपुर में किया अभियान की शुरुआत, राजनीतिक माहौल गरम

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले चुनावी रणनीतिकार से नेता बने प्रशांत किशोर (पीके) ने आज राघोपुर में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत कर दी। वह राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के पारिवारिक गढ़ में रोड शो करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

चुनाव लड़ने का अंतिम फैसला राघोपुर के बाद

पीके ने स्पष्ट किया कि राघोपुर दौरे के बाद ही यह तय किया जाएगा कि वे खुद चुनाव मैदान में उतरेंगे या नहीं। उनके इस कदम को राजनीतिक जानकार तेजस्वी यादव के लिए प्रत्यक्ष चुनौती के रूप में देख रहे हैं।

तेजस्वी यादव पर सियासी हमला

राघोपुर जाने की घोषणा से पहले ही प्रशांत किशोर ने तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उनका कहना था- राघोपुर की स्थिति आज भी बदहाल है। जिनके माता-पिता मुख्यमंत्री रहे और जो खुद डिप्टी सीएम रहे, वह क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, लेकिन हालात नहीं सुधरे। इसलिए हम राघोपुर जा रहे हैं। तेजस्वी को डरना चाहिए। इस बयान को राघोपुर में राजद के प्रभुत्व और परिवारिक गढ़ पर सीधे असर डालने वाला माना जा रहा है।

पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह पर टिप्पणी

प्रशांत किशोर ने पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को लेकर चल रही राजनीतिक अटकलों पर भी अपना रुख स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि “पवन सिंह से मेरी दोस्ती है, लेकिन ज्योति सिंह से मेरी कोई राजनीतिक मुलाकात नहीं हुई।”

राजनीतिक महत्व

राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं कि प्रशांत किशोर का राघोपुर दौरा बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। इस कदम से न केवल तेजस्वी यादव के लिए चुनौती बढ़ी है, बल्कि राज्य में सियासी पारा भी तेजी से चढ़ने की संभावना है।