Bihar Chunav 2025: शंकराचार्य का भाजपा और राहुल गांधी पर हमला- बोले, “गाय के नाम पर वोट लेते हैं, रक्षा कोई नहीं करता”
Jahanabad: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है, और अब चुनावी मैदान में गौ-रक्षा का मुद्दा भी केंद्र में आ गया है। जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी ने शुक्रवार को जहानाबाद पहुंचकर भाजपा और कांग्रेस दोनों पर तीखा प्रहार किया।
भाजपा गाय के नाम पर वोट लेती है, पर बचाती नहीं
शंकराचार्य ने कहा कि भाजपा समेत सभी बड़े राजनीतिक दल गौ-रक्षा की बात तो करते हैं, लेकिन असल में जनता की भावनाओं से खिलवाड़ करते हैं। भाजपा गाय के नाम पर वोट तो लेती है, मगर गाय की रक्षा नहीं करती। उल्टा, गाय काटने वालों से चंदा लेती है। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “योगी जी के अपने विधायक ने माना है कि यूपी में रोजाना बड़े पैमाने पर गायों का कत्ल हो रहा है।”
कांग्रेस और राहुल गांधी पर भी प्रहार
भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी शंकराचार्य ने निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, जब बिहार चुनाव सिर पर है, तब राहुल गांधी विदेश में छुट्टियां मना रहे हैं। उन्हें बिहार की जनता की कोई चिंता नहीं है। उनके इस बयान ने राजनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है।
सभी 243 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद स्वामी ने यह भी घोषणा की कि उनका संगठन बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने कहा कि जो भी निर्दलीय उम्मीदवार गौ-रक्षा की शपथ लेंगे, उन्हें उनका संगठन हरसंभव सहयोग देगा।
“जनता गाय को भावनात्मक नहीं, राष्ट्रीय मुद्दा बनाए”
उन्होंने जनता से अपील की कि गाय को केवल धार्मिक भावना का प्रतीक न मानें, बल्कि इसे राष्ट्रीय और सामाजिक स्वाभिमान का मुद्दा बनाएं। शंकराचार्य ने कहा कि जब तक गाय की रक्षा को लेकर ठोस कानून और कार्रवाई नहीं होगी, तब तक राजनीतिक दल केवल नारेबाज़ी करते रहेंगे।
सियासत में नया एंगल
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि शंकराचार्य का यह बयान चुनावी माहौल में गौ-राजनीति की नई परत जोड़ सकता है। जहां एक ओर भाजपा के लिए यह चुनौती है कि वह अपने “गौरक्षा एजेंडा” को फिर से मजबूती से सामने रखे, वहीं कांग्रेस के लिए यह हमला एक और इमेज संकट खड़ा कर सकता है।







