बिहार सरकार ने 97 लाख लाभार्थियों को दी बड़ी सौगात, DBT के जरिए खातों में भेजे ₹1100, हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन
Patna: बिहार सरकार ने राज्य के सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को बड़ी राहत देते हुए 97.84 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में ₹1,100 की पेंशन राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से भेज दी है. इसके लिए सरकार ने कुल ₹1,423.94 करोड़ जारी किए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि अब हर महीने की 10 तारीख 'बिहार पेंशन दिवस' के रूप में मनाई जाएगी और इसी दिन सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में पेंशन की राशि भेजी जाएगी.
हर महीने की 10 तारीख को मिलेगी पेंशन
सरकार ने पेंशन वितरण की प्रक्रिया को नियमित करते हुए तय किया है कि अब सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की राशि हर महीने की 10 तारीख को सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. ऐसे में यदि सब कुछ तय कार्यक्रम के अनुसार रहा, तो अगली किस्त 10 अगस्तको जारी की जाएगी.
किन लोगों को मिला लाभ?
यह राशि राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को दी गई है. इनमें शामिल हैं—
- मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना
- लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना
- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना
- बिहार राज्य दिव्यांग पेंशन योजना
₹400 से बढ़ाकर ₹1100 की गई पेंशन
बिहार सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन की मासिक राशि ₹400 से बढ़ाकर ₹1,100 कर दी थी. सरकार का कहना है कि इस फैसले से बुजुर्गों, विधवाओं और दिव्यांगजनों को आर्थिक सहायता मिलेगी और उनका जीवन स्तर बेहतर होगा.
छूटे पात्र लोगों को जोड़ने का अभियान
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जो पात्र लोग अभी तक किसी भी पेंशन योजना से नहीं जुड़े हैं, उनकी पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द योजनाओं का लाभ दिलाया जाए. इसके लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और आधार लिंकिंग जैसी प्रक्रियाओं को भी तेज किया जाएगा.







