बिहार चुनाव से पहले युवाओं को तोहफ़ा: नीतीश सरकार ने 10,327 नए पदों पर भर्ती का किया ऐलान
Patna Desk: विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश कुमार सरकार ने बेरोजगार युवाओं को बड़ी सौगात दी है। सरकार ने विभिन्न विभागों में 10,327 नए पदों का सृजन किया है। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि जल्द ही इन पदों पर बहाली की प्रक्रिया शुरू होगी।
हर घर सरकारी नौकरी का वादा
सम्राट चौधरी ने कहा कि एनडीए सरकार का लक्ष्य है—“हर घर में एक सरकारी नौकरी।” उन्होंने युवाओं को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी इसी अभियान के तहत बहाली और रोजगार के अवसर बढ़ाए जाते रहेंगे।
किन विभागों में कितने पद?
सरकार द्वारा जारी विभागवार लिस्ट के अनुसार—
• पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग – 5,953 पद
• गृह विभाग – 3,568 पद
• विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा – 106 पद
• कला, संस्कृति एवं युवा विभाग – 143 पद
• आपदा प्रबंधन विभाग – 87 पद
• शिक्षा विभाग – 89 पद
• पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग – 72 पद
• वित्त विभाग – 12 पद
• कृषि विभाग – 293 पद
रोजगार पर सीएम का फोकस
भागलपुर और खगड़िया में परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दावा किया कि अगले पांच साल में बिहार के एक करोड़ युवाओं को नौकरी और रोजगार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब तक 10 लाख युवाओं को नौकरी और 49 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है।
सोशल मीडिया पर सम्राट चौधरी का संदेश
डिप्टी सीएम ने पोस्ट कर कहा-“मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशन में बिहार के युवाओं के लिए 10,327 नए पदों का सृजन किया गया है। इन पर शीघ्र ही नियुक्ति होगी। हमारा लक्ष्य है हर घर में एक सरकारी नौकरी। आगे भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”
चुनावी मौसम में सरकार का यह कदम बेरोजगार युवाओं के लिए राहत की बड़ी खबर मानी जा रही है।







