बिहार विधान परिषद उपचुनाव: अरविंद शर्मा ने ठोकी दावेदारी, NDA के दम पर जीत लगभग तय!
नामांकन के दौरान सत्ता पक्ष की ताकत भी साफ नजर आई। इस मौके पर सम्राट चौधरी, विजय चौधरी, विजेंद्र यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, जदयू नेता श्रवण कुमार और उमेश कुशवाहा समेत कई बड़े एनडीए नेता मौजूद रहे।
निर्विरोध जीत के आसार मजबूत
बिहार विधानसभा में एनडीए के मजबूत संख्या बल को देखते हुए अरविंद शर्मा की जीत लगभग तय मानी जा रही है। खास बात यह है कि विपक्ष की ओर से अब तक किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है, जिससे उनके निर्विरोध चुने जाने की संभावना और बढ़ गई है।
संगठन के मजबूत स्तंभ माने जाते हैं शर्मा
अरविंद शर्मा लंबे समय से बिहार भाजपा में प्रदेश कार्यालय प्रभारी की अहम जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। संगठन में उनकी पहचान एक शांत, रणनीतिक और जमीनी नेता के रूप में है, जिन्होंने कार्यकर्ताओं के बीच तालमेल मजबूत करने में बड़ी भूमिका निभाई है।
दरअसल, यह सीट भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय के विधायक बनने के बाद खाली हुई थी, जिसके चलते यह उपचुनाव कराया जा रहा है।
अब सबकी नजर इस पर है कि क्या विपक्ष आखिरी वक्त में कोई दांव चलता है या फिर यह सीट भाजपा के खाते में निर्विरोध चली जाती है।







