Newshaat_Logo

बिहार विधान परिषद में शान से लहराया तिरंगा, सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिलाया एकता-अखंडता का संकल्प

 
बिहार विधान परिषद में शान से लहराया तिरंगा, सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिलाया एकता-अखंडता का संकल्प

Bihar News: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बिहार विधान परिषद् परिसर में शनिवार को पूरे देशभक्ति के माहौल में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और प्रदेश एवं देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

इससे पहले सभापति ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। झंडोत्तोलन के बाद अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हर भारतीय के लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का दिन है। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

‘हर दिल में तिरंगे का मान हमेशा बना रहे’

अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि आजादी के बाद भारत ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विकास की लंबी यात्रा तय की है। खाद्यान्न संकट, गरीबी और अशिक्षा के दौर से निकलकर भारत आज दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के साथ प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्था और अंतरिक्ष शक्ति के रूप में अपनी पहचान बना चुका है।

उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लोगों से देश की प्रगति में योगदान देने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि दिल में देशभक्ति का जज्बा और आंखों में भारत के विकास का सपना हमेशा जीवंत रहना चाहिए।

कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

झंडोत्तोलन कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद् के उप सभापति प्रो. (डॉ.) राम वचन राय, विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह, उप नेता प्रो. (डॉ.) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता सहित बिहार विधान परिषद् के वर्तमान एवं पूर्व सदस्य मौजूद रहे।

इसके अलावा विधान परिषद् के प्रभारी सचिव शंकर कुमार, विधानसभा की सचिव पूनम सिन्हा, परिषद् के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव का माहौल देखने को मिला।