Newshaat_Logo

चुनाव से पहले जीवेश मिश्रा का वादा-गंदगी मुक्त होगा बिहार, पटना में मेट्रो का उद्घाटन जल्द

 
चुनाव से पहले जीवेश मिश्रा का वादा-गंदगी मुक्त होगा बिहार, पटना में मेट्रो का उद्घाटन जल्द

Bihar news: विधानसभा चुनाव 2025 से पहले नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने विभागीय कामकाज और योजनाओं का ब्यौरा पेश किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से 19 अक्टूबर तक पूरे राज्य में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर 751 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। मंत्री ने दावा किया कि अगले साल बिहार में कहीं भी कचरे का ढेर नजर नहीं आएगा।

साफ-सफाई रैंकिंग और जलापूर्ति में सुधार

मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पटना 21वें स्थान पर है, जबकि गंगा किनारे बसे शहरों में इसकी चौथी रैंकिंग है। GFS सर्टिफिकेशन में पटना और गया को 3-स्टार, जबकि भागलपुर और सुपौल को 1-स्टार रेटिंग मिली है। उन्होंने बताया कि 2011 में जहां केवल 3.26 लाख घरों तक जलापूर्ति थी, अब यह संख्या बढ़कर 24.98 लाख घरों तक पहुंच गई है।

गंगा संरक्षण और नमामि गंगे योजना

राज्य के 24 गंगा किनारे शहरों में से 22 को एसटीपी से जोड़ा गया है। ‘नमामि गंगे’ योजना के तहत 38 परियोजनाएं स्वीकृत, जिनमें से 23 पूरी हो चुकी हैं। बाकी परियोजनाओं को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया गया।

शवदाहगृह और शहरी विकास परियोजनाएं

मंत्री ने बताया कि 41 विद्युत शवदाहगृह योजनाओं में से 7 पूरी हो चुकी हैं। इसके अलावा गैस आधारित शवदाहगृह भी बनाए जा रहे हैं। शहरी गरीबों को आवास योजनाओं का सबसे अधिक लाभ बिहार में मिला है।

पटना बनेगा मेट्रो युक्त शहर

जीवेश मिश्रा ने दावा किया कि इस माह के अंत तक पटना “मेट्रो सिटी” बन जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 सितंबर को संभावित बिहार दौरे पर आ सकते हैं, इस दौरान वह मेट्रो का उद्घाटन करेंगे।