Newshaat_Logo

बिहार म्यूजियम के सोवेनियर स्टोर ने रचा इतिहास; 1.71 करोड़ कमाकर देश का नंबर वन संग्रहालय सेल सेंटर बना

 
बिहार म्यूजियम के सोवेनियर स्टोर ने रचा इतिहास; 1.71 करोड़ कमाकर देश का नंबर वन संग्रहालय सेल सेंटर बना

Bihar news: बिहार की राजधानी पटना के बेली रोड स्थित 'बिहार म्यूजियम' ने एक ऐसा कीर्तिमान स्थापित किया है, जिसने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बिहार म्यूजियम का 'सोवेनियर स्टोर' मात्र एक साल में 1.71 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री के साथ देश का सबसे ज्यादा बिकने वाला म्यूजियम स्टोर बन गया है। 

उक्त उपलब्धि न केवल बिहार की समृद्ध कला और संस्कृति की जीत है, बल्कि यह पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस दूरदर्शी विजन का परिणाम है, जहां विरासत को सहेजने के साथ-साथ उसे आधुनिक प्लेटफॉर्म पर प्रमोट करने का संकल्प लिया गया था। जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस खबर को साझा कर बिहार के इस बढ़ते कदम की सराहना की है।

बिहार म्यूजियम स्टोर की इस शानदार सफलता के पीछे बिहार के स्थानीय शिल्पकारों और कलाकारों की कड़ी मेहनत है। स्टोर में मौजूद मिथिला पेंटिंग की साड़ियाँ, भागलपुर का सिल्क, बावन बूटी के वस्त्र और पारंपरिक हस्तशिल्प विदेशी पर्यटकों से लेकर स्थानीय लोगों तक की पहली पसंद बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह आंकड़ा 1.34 करोड़ था, जो वर्तमान वित्तीय वर्ष 25-26 में बढ़कर 1.71 करोड़ तक जा पहुँचा है। यह वृद्धि दर्शाती है कि बिहार की पारंपरिक और समकालीन कला के प्रति दुनिया भर में दीवानगी बढ़ रही है।

म्यूजियम में पर्यटकों की संख्या में भी भारी इजाफा हुआ है। जहां पहले यह आंकड़ा 4 से 4.5 लाख के आसपास रहता था, वहीं पिछले एक साल में 5 लाख से अधिक लोगों ने बिहार म्यूजियम का भ्रमण किया। बता दें कि बिहार म्यूजियम आज एक ऐसा प्लेटफॉर्म बन चुका है जहाँ विरासत को सिर्फ शीशे के बक्सों में बंद नहीं रखा जाता, बल्कि उसे लोगों के रोजगार और गर्व से जोड़ा जाता है। बिहार ने दिखा दिया है कि यदि सही मंच और अवसर मिले, तो संस्कृति न केवल आत्म-सम्मान बढ़ाती है, बल्कि आर्थिक उन्नति के द्वार भी खोल सकती है।