Newshaat_Logo

Bihar News: ईंधन संकट पर उद्योग जगत की चिंता- एडवाइजरी बढ़ाने की मांग तेज

 
ईंधन संकट पर उद्योग जगत की चिंता: एडवाइजरी बढ़ाने की मांग तेज
Bihar news: बिहार के उद्योग और व्यवसायिक प्रतिष्ठान इन दिनों ईंधन की कमी से जूझ रहे हैं। ऐसे में बिहार चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने बड़ा कदम उठाते हुए केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) से महत्वपूर्ण अनुरोध किया है। चैम्बर ने 12 मार्च 2026 को जारी उस एडवाइजरी की अवधि बढ़ाने की मांग की है, जिसके तहत पीएनजी/एलपीजी की कमी के कारण वैकल्पिक ईंधनों के अस्थायी उपयोग की अनुमति दी गई थी।

चैम्बर के अध्यक्ष पी.के. अग्रवाल ने इस एडवाइजरी को उद्योगों के लिए राहत भरा फैसला बताते हुए कहा कि इसकी वजह से कई संस्थानों को संचालन जारी रखने में मदद मिली है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि अभी तक पीएनजी और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी है, जिससे उद्योग, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसाय अब भी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

इसी परिस्थिति को देखते हुए चैम्बर ने CPCB से अपील की है कि इस एडवाइजरी की वैधता कम से कम तीन महीने के लिए और बढ़ाई जाए। उनका मानना है कि इससे उद्योगों को पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए बिना किसी बाधा के काम जारी रखने में मदद मिलेगी।

चैम्बर को उम्मीद है कि बोर्ड इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हुए सकारात्मक निर्णय लेगा, ताकि राज्य की औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित न हों और अर्थव्यवस्था की रफ्तार बनी रहे।