Bihar news: बेसा की 61वीं आम सभा में बड़ा फैसला, नई कार्यकारिणी का गठन, सुनील कुमार बने अध्यक्ष
Bihar news: बिहार इंजीनियर्स सर्विस एसोसिएशन (बेसा) की 61वीं वार्षिक आम सभा 24 और 25 जनवरी 2026 को अभियंता भवन, बोरिंग रोड, पटना में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। इस आम सभा में राज्य के विभिन्न विभागों से सहायक अभियंता से लेकर अभियंता प्रमुख स्तर तक के अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण से हुई। इसके बाद बेसा के अध्यक्ष ई. सुनील कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। महासचिव ई. राकेश कुमार ने संगठन की वार्षिक रिपोर्ट पेश की, वहीं वित्त सचिव ई. अभय कुमार सिंह ने आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा रखा। चर्चा के बाद आम सभा में मौजूद सदस्यों ने दोनों रिपोर्ट को सर्वसम्मति से पास कर दिया।
चुनाव की प्रक्रिया और खुला अधिवेशन
नई कार्यकारिणी के गठन के लिए तीन चुनाव पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें ई. अरुण कुमार, ई. हीरा नन्द झा और ई. आदित्य नारायण झा अनल शामिल रहे। 25 जनवरी की दोपहर मतदान की प्रक्रिया पूरी हुई।
इसके बाद खुले अधिवेशन का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ई. डी. पी. सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने अभियंताओं को ईमानदारी से काम करने, नई तकनीक की जानकारी रखने और संगठन के साथ मिलकर सरकार के साथ सहयोगपूर्ण तरीके से कार्य करने की सलाह दी। उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन बेसा के उपाध्यक्ष ई. मनोज कुमार ने किया।
नई कार्यकारिणी की घोषणा
चुनाव पदाधिकारियों ने वर्ष 2025-26 के लिए नई कार्यकारिणी की घोषणा की।
ई. सुनील कुमार को अध्यक्ष चुना गया। उपाध्यक्ष पद पर ई. मनोज कुमार सिंह, ई. राज किशोर प्रसाद और ई. डेविड कुमार चतुर्वेदी निर्वाचित हुए।
ई. राकेश कुमार महासचिव, ई. अभय कुमार सिंह वित्त सचिव और ई. दिव्या स्वर्णिम प्रचार सचिव बने।
सचिव पद पर ई. ऋचा, ई. दीपक कुमार, ई. जाकिर हुसैन और ई. युक्ति नाथ मिश्रा चुने गए।
ई. गौशन कुमार और ई. आकांक्षा को संगठन सचिव बनाया गया।
वहीं सदस्य पद पर ई. ईश्वर चंद्रा प्रसाद गुप्ता, ई. अंजनी कुमार, ई. मनीष कुमार पाल और ई. मो. फिरोज आलम निर्वाचित हुए।
इस तरह बेसा की 61वीं वार्षिक आम सभा संगठन के लिए नई दिशा और नई टीम के साथ संपन्न हुई।







