Bihar news:पटना में जदयू-भाजपा-लोजपा कार्यालयों पर फहरा तिरंगा, 77वें गणतंत्र दिवस पर सियासी जोश और तेजस्वी पर तंज
सबसे पहले जनता दल (यूनाइटेड) के प्रदेश कार्यालय में समारोह आयोजित हुआ। जदयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इस मौके पर उन्होंने देश और प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रगान के साथ पूरे परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इसके बाद बीजेपी प्रदेश कार्यालय में भी गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यहां प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। दोनों नेताओं ने तिरंगे को सलामी दी और कार्यकर्ताओं के साथ गणतंत्र दिवस की खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
वहीं लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम हुआ। प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने तिरंगा फहराकर बिहारवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तंज भी कसा। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव संविधान बचाने की बात तो करते हैं, लेकिन सदन की कार्यवाही में उनकी मौजूदगी अक्सर नहीं रहती।
राजू तिवारी ने आगे कहा कि बिहार को सोशल मीडिया की राजनीति नहीं, बल्कि जमीन से जुड़ी राजनीति की जरूरत है। उन्होंने नीट छात्रा कांड को लेकर कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पटना में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यालयों में तिरंगा फहराया गया और पूरे शहर में गणतंत्र दिवस का उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।







