Newshaat_Logo

Bihar news: नीतीश के बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री, सम्राट कैबिनेट विस्तार पर पूरे देश की नजर

 
Bihar news
Bihar news: बिहार की राजनीति में गुरुवार का दिन बेहद अहम साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार आज पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में होने जा रहा है। दोपहर 12:30 बजे आयोजित इस भव्य शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा, जदयू, लोजपा(रा), HAM और रालोमो के कुल 25 नेता मंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।

समारोह को लेकर राजधानी पटना में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं। इस मेगा इवेंट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई बड़े नेता शामिल हो रहे हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार में जिन नेताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, डॉ. दिलीप जायसवाल, निशांत कुमार, लेशी सिंह, राम कृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह ‘टाइगर’, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, मदन सहनी, रमा निषाद, रत्नेश सादा, कुमार शैलेन्द्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता, लखेन्द्र कुमार रौशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, मो. जमा खान, नंदकिशोर राम और बुलो मंडल जैसे नाम प्रमुख हैं।

इस पूरे विस्तार में सबसे ज्यादा चर्चा निशांत कुमार की एंट्री को लेकर हो रही है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार पहली बार सक्रिय राजनीति में औपचारिक कदम रखने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने अपने पिता के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह और जदयू नेता संजय झा भी मौजूद रहे।

निशांत कुमार की यह तस्वीर सामने आते ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। सूत्रों के मुताबिक उन्हें सरकार में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है और उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें भी जोर पकड़ रही हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह मंत्रिमंडल विस्तार सिर्फ सरकार का विस्तार नहीं, बल्कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की बड़ी रणनीति है। नए चेहरों और जातीय समीकरणों के जरिए NDA बिहार की राजनीति में मजबूत संदेश देने की तैयारी में है।