Movie prime

बिहार पुलिस सप्ताह-2026 की शुरुआत आज से, मिथिलेश स्टेडियम में होगा भव्य उद्घाटन और मैत्री फुटबॉल मैच

 
बिहार पुलिस सप्ताह-2026 की शुरुआत आज से, मिथिलेश स्टेडियम में होगा भव्य उद्घाटन और मैत्री फुटबॉल मैच
Bihar news: राज्यभर में पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से 22 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक बिहार पुलिस सप्ताह-2026 मनाया जा रहा है। इस दौरान जिला पुलिस और विभिन्न पुलिस इकाइयों की ओर से जागरूकता, खेल, सांस्कृतिक और जनसंपर्क से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन आज 22 फरवरी को अपराह्न 2:30 बजे बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उपमुख्यमंत्री (गृह) Samrat Choudhary मिथिलेश स्टेडियम (बि.वि.स.पु.-05) में गुब्बारा विमोचन कर सप्ताह भर चलने वाले कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे।

पुलिस और जनता के बीच मैत्री मैच

उद्घाटन अवसर पर बिहार पुलिस टीम और सिविलियन फुटबॉल क्लब के बीच एक मैत्री फुटबॉल मैच का भी आयोजन किया गया है। इस मैच का उद्देश्य पुलिस बल और आम नागरिकों के बीच सामंजस्य और सकारात्मक संबंधों को बढ़ावा देना है।

सप्ताह भर होंगे विविध आयोजन

पुलिस सप्ताह के दौरान विभिन्न जिलों में जनजागरूकता अभियान, सेमिनार, खेल प्रतियोगिताएं, रक्तदान शिविर और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से पुलिस विभाग अपनी उपलब्धियों को साझा करने के साथ-साथ जनता से संवाद भी स्थापित करेगा।

बिहार पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर इस पहल को सफल बनाएं।