Movie prime

Bihar Politics: चुनावी जीत के बाद चिराग पासवान पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे, मां के साथ मत्था टेककर मांगी बिहार की खुशहाली

 
Bihar Politics: चुनावी जीत के बाद चिराग पासवान पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे, मां के साथ मत्था टेककर मांगी बिहार की खुशहाली

Bihar news: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोजपा (रामविलास) के दमदार प्रदर्शन के बाद पार्टी सुप्रीमो चिराग पासवान रविवार को अपनी मां के साथ पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचे। यहां उन्होंने दरबार साहिब में मत्था टेककर राज्य में शांति, समृद्धि और स्थिरता की कामना की। चिराग ने चुनावी नतीजों को जनता का बड़ा आशीर्वाद बताते हुए कहा कि इस बार लोगों ने लोजपा (रामविलास) पर भरोसा जताया है और पार्टी को 19 सीटों पर जीत दिलाकर मजबूत समर्थन दिया है।

चुनावी सफलता के बाद पहली सार्वजनिक उपस्थिति

चुनाव परिणाम आने के बाद चिराग पासवान पहली बार अपनी मां के साथ सार्वजनिक रूप से किसी धार्मिक स्थल पहुंचे। गुरुद्वारा में पूजा-अर्चना के दौरान उन्होंने विनम्र भाव से धन्यवाद व्यक्त किया और कहा कि उनकी पार्टी अब जनता के अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए और जिम्मेदारी के साथ काम करेगी।

गुरुद्वारा परिसर में जुटी समर्थकों की भीड़

पटना सिटी स्थित ऐतिहासिक तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब में चिराग के पहुंचते ही माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। श्रद्धालुओं और समर्थकों की बड़ी संख्या गुरुद्वारा परिसर में उमड़ पड़ी। कई लोगों ने चिराग को जीत की बधाई दी और उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं।

‘जीत जनता की है, हम सिर्फ सेवक’-चिराग

मत्था टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत में चिराग पासवान ने कहा, “यह जीत मेरी नहीं, बिहार की जनता की है। हमने जो भी हासिल किया है, वह जनता के भरोसे का परिणाम है। अब हमारी प्राथमिकता बिहार के विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए काम करना है।”